पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और आश्रितों को किया सम्मानित

गबर सिंह कैम्प कोटद्वार में पूर्व सैनिक एवं वीर नारी रैली का सफल आयोजन
जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल केंद्र लैंसडाउन द्वारा शनिवार को कोटद्वार स्थित विक्टोरिया क्रास गबर सिंह कैम्प में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और आश्रितों के लिए एक व्यापक कल्याण रैली का आयोजन किया गया। यह आयोजन लेफ्टिनेंट जनरल दिनेश सिंह राना, पीवीएसएम, एवीएसएम, वाईएसएम, एसएम, पीएचडी, कर्नल ऑफ दा रेजिमेंट, गढ़वाल राइफल्स और गढ़वाल स्काउट्स की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर 1965, 1971, 1999 और अन्य सैन्य अभियानों में राष्ट्र के लिए अमूल्य योगदान देने वाले विशिष्ट पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों को सम्मानित किया गया।


रैली का मुख्य उद्देश्य पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित निराकरण करना था। रैली के दौरान बड़ी भारी संख्या में पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों तक पहुंचने का प्रयास किया गया। रैली में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों को सैन्य एवं सिविल प्रशासन दोनों के साथ, एक साथ बातचीत करने अनिर्णीत व लम्बित मुद्दों को हल करने और सरकार द्वारा भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए चलाई जा रही नवीनतम सुविधाओं और योजनाओं के बारे में जानकारी देने के लिए एक संयुक्त मंच प्रदान किया गया। इस मौके पर गढ़वाल राइफल्स अभिलेख कार्यालय, स्टेशन मुख्यालय लैंसडौन, भुल्ली सशक्तिकरण केंद्र, अभिलेख कार्यालय कुमाऊँ रेजिमेंट, वेतन विभाग कार्यालय लैंसडौन, सेना चिकित्सा कोर, सेना भर्ती कार्यालय लैंसडौन, भूतपूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना कार्यालय लैंसडौन, वार मेमोरियल ब्वाइज एंड गल्र्स हास्टल देहरादून, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, लैंसडौन सहित राजस्व विभाग, भारतीय जीवन बीमा निगम, आधार एवं स्थाई खाता संख्या (पैन) कार्ड, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम और बैंकों सहित आदि स्टाल लगाए गये, इन स्टालों के माध्यम से पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों को विभिन्न योजनाओं, पेंशन सम्बन्धी मामलों एवं अन्य कल्याणकारी सुविधाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर सेंटर कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, विशिष्ट सेवा मेडल, गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर, श्रीमती रेखा नेगी चेयरपर्सन, परिवार कल्याण संगठन, जीआरआरसी, लैंसडौन एवं सेना व सिविल प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

विक्टोरिया क्रास गबर सिंह कैम्प में खुली सीएसडी कैंटीन
मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल दिनेश सिंह राना, पीवीएसएम, एवीएसएम, वाईएसएम, एसएम, पीएचडी, कर्नल ऑफ दा रेजिमेंट, गढ़वाल राइफल्स एवं गढ़वाल स्काउट्स द्वारा 15 गौरवशाली पूर्व सैनिकों को भारतीय सेना से रिटायर्ड होने बाद भी समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, युवाओं को सेना में भर्ती हेतु प्रशिक्षण, जरूरतमंदों की सहायता, वीर नारियों एवं पूर्व सैनिकों के कल्याण, स्वास्थ्य, रोजगार तथा सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशंसा पत्र से सम्मानित किया गया, साथ ही वीर नारियों को को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर विक्टोरिया क्रास गबर सिंह कैम्प, कोटद्वार में सीएसडी कैंटीन का उद्घाटन भी किया गया। इस सुविधा के प्रारंभ होने से क्षेत्र के पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारजनों को लाभ प्राप्त करने में आसानी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *