18 ग्राम सभाओं में एलपीजी सिलिंडरों की किल्लत

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : मुख्यालय से सटे विकासखंड कल्जीखाल के अगरोड़ा क्षेत्र की 18 ग्राम सभाओं में रसोई गैस का संकट गहराता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बीते दो-तीन महीनों से क्षेत्र में सिलिंडरों की आपूर्ति नहीं हुई जिससे ग्रामीणों ने रोष बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पूर्व में सिलिंडर का वाहन अगरोड़ा पुल तक ही आया और उपभोक्ताओं की जरूरत के अनुसार सिलिंडरों का वितरण नहीं किया गया। इस कारण क्षेत्र के कई गांवों में रसोई गैस की किल्लत गहराती जा रही है।
ब्लॉक के कनिष्ठ प्रमुख दीपक असवाल ने बताया कि अगरोड़ा बाजार, कठुड़, ढांग, कोलड़ी समेत विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में बीते दो से तीन महीनों बाद भी गैस सिलिंडरों की आपूर्ति नहीं हुई। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि होने के नाते ग्रामीण आए दिन उनसे सिलिंडरों की आपूर्ति की मांग कर रहे हैं। कनिष्ठ प्रमुख दीपक ने बताया कि डीएम से वार्ता की गई थी जिस पर उन्होंने जल्द सिलिंडरों की आपूर्ति का आश्वासन दिया। वहीं, डीएसओ अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि बीते 23 व 24 अप्रैल को ही क्षेत्र में सिलिंडर वितरित किए गए थे फिर से वाहन भेजकर सिलिंडरों की आपूर्ति की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *