उत्तरकाशी। भटवाड़ी विकासखंड के गणेशपुर गांव में ग्रामीणों के खेतों और मकानों के बेहद करीब से गुजर रही 33 केवी हाई वोल्टेज विद्युत लाइन खतरे का सबब बनी है। लाइन खेतों के इतने नजदीक से गुजर रही है कि ग्रामीणों को हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है।ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत लाइन से लंबे समय से खतरा बना हुआ है। कई बार लाइन टूटने की घटनाएं भी हो चुकी हैं, हालांकि गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। इन दिनों ग्रामीण खेतों में धान की कटाई और मंडाई के काम में जुटे हैं। ऐसे में खेतों के बेहद करीब से गुजर रही हाईवोल्टेज लाइन से हादसे का खतरा और बढ़ गया है।ग्राम प्रधान प्रदीप राणा ने बताया कि लाइन से उत्पन्न खतरे के संबंध में उत्तराखंड जल विद्युत निगम के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों ने लाइन को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने अथवा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की है।
जूडो में टिहरी जिले के 27 खिलाड़ी राज्य स्तर पर चयनित
नई टिहरी। कार्मल स्कूल चंबा में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय जूडो प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण के साथ समापन हो गया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 27 छात्र-छात्राओं का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया । शिक्षा विभाग के क्रीड़ा मीडिया प्रभारी चक्रधर प्रसाद भद्री ने बताया कि राजकीय इंटर कॉलेज बनाली से बालिका वर्ग में करिश्मा, राधिका मनवाल, सलोनी, राधिका, शिवानी और पारुल, बालक वर्ग में शुभम, आयुष, सागर, गगन, राघव, राहुल, विवेक और केशव का चयन हुआ है।