न्याय यात्रा के जरिए कांग्रेस ने उठाई अंकिता को इंसाफ दिलाने की मांग
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर कांग्रेस की न्याय यात्रा शुक्रवार को कोटद्वार पहुंची। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि अंकिता हत्याकांड में एक वीआईपी के नाम का भी जिक्र है, लेकिन भाजपा का पूरा तंत्र उसे बचाने में जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि पहाड़ की बेटी अंकिता को अब तक पूर्ण न्याय नहीं मिल पाया है। जब तक अंकिता को न्याय नहीं मिलता, कांग्रेस सड़क से सदन तक अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।

शुक्रवार को कांग्रेस की ओर से निकाली गई न्याय यात्रा सतपुली और दुगड्डा होते हुए कोटद्वार पहुंची। बदरीनाथ मार्ग स्थित प्रेक्षागृह के समीप कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं का स्वागत किया। इसके बाद न्याय यात्रा शहर के लिए रवाना हुई। न्याय यात्रा में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ता अंकिता को न्याय दिलाने और भ्रष्टाचार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े। बदरीनाथ मार्ग से शुरू हुई यात्रा झंडाचौक, नजीबाबाद रोड और बालासौड़ होते हुए घराट क्षेत्र में संपन्न हुई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर जनहितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता के हितों की रक्षा का वादा कर सत्ता में आई भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में भ्रष्टाचार और अपराध के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कांग्रेस नेताओं ने सरकार की कार्य प्रणाली पर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड केवल एक परिवार को न्याय दिलाने का मामला नहीं, बल्कि उत्तराखंड की बेटियों की सुरक्षा और प्रदेश की अस्मिता से जुड़ा सवाल है। अंकिता को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि भगवान बदरीनाथ विशाल के दरबार से उठी न्याय की आवाज पूरे गढ़वाल, कुमाऊं और तराई क्षेत्र तक पहुंचेगी। न्याय, जन अधिकारों और उत्तराखंड की अस्मिता की इस लड़ाई में कांग्रेस ने प्रदेश की जनता से सहयोग की अपील की।