अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और जनविरोधी नीतियों के विरोध में निकाली पदयात्रा
जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली : कांग्रेस की उत्तराखंड न्याय यात्रा शनिवार को चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के सतपुली पहुंची। यहां सतपुली मोटर पुल के पास कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का भव्य स्वागत किया। इसके बाद गोदियाल के नेतृत्व में नगर में पदयात्रा निकालकर भाजपा सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की गई।

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों, भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर न्याय यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता के अधिकारों, न्याय और उत्तराखंड की अस्मिता की लड़ाई को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जनविरोधी और संस्कृति विरोधी सरकार को सत्ता से उखाड़ने का संकल्प लिया है। गोदियाल ने न्याय यात्रा को सफल बनाने के लिए नगर कांग्रेस सतपुली और चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं का आभार जताया। पदयात्रा में बदरीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला, प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी, जिलाध्यक्ष विनोद नेगी, प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप, डॉ. प्रेम बहुखंडी, प्रदेश सचिव कवींद्र इष्टवाल, राजेश कंडारी, सुरेंद्र रावत, पूर्व सैनिक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सेवानिवृत्त कर्नल राम रतन सिंह नेगी, नरेंद्र नेगी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय रावत, कांग्रेस नेत्री पूनम कैत्यूरा, अरूणा कुमार आदि मौजूद थे।