जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान समिति के अध्यक्ष राजेश गर्ग ने चुनाव आयोग पर केंद्र सरकार के दबाव में काम करने और मतदाता सूची में कथित गड़बडियों को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश में पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची चाहती है, ताकि निष्पक्ष तरीके से चुनाव संपन्न हो सकें। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने और एसआईआर प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग भी की।

कोटद्वार स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में राजेश गर्ग ने कहा कि देशभर में मतदाता सूची की पारदर्शिता का मुद्दा उठाया जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी दल संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता बनाए रखने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के प्रभाव में काम कर रहा है। राजेश गर्ग ने पश्चिम बंगाल, बिहार और हरियाणा में मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे लंबे समय से मतदान करते आ रहे लोगों के मताधिकार पर असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के कारण लोगों को अपने संवैधानिक अधिकार का इस्तेमाल करने में परेशानी हो सकती है। उन्होंने चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से जुड़े नियमों में बदलाव पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में देश के सभी पात्र नागरिकों के नाम शामिल किए जाने चाहिए और अपात्र लोगों के नाम हटाए जाने चाहिए। इसके लिए पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए, जिससे किसी भी पात्र मतदाता को मतदान के अधिकार से वंचित न होना पड़े। राजेश गर्ग ने बताया कि वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के तहत एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल रैली आयोजित की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि रैली में देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। पत्रकार वार्ता में अभियान के सिटी प्रभारी अनिल भाष्कर, जिलाध्यक्ष विकास नेगी, महानगर अध्यक्ष मीना बछुवाण, सुशांत बोरा, विजय नारायण सिंह, विनीता भारती और डा. चंद्रमोहन खर्कवाल मौजूद रहे।