अभाविप ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर दिया जोर
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार में रोजगार मेला आयोजित करने की मांग उठाई है। इस संबंध में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष विकास कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्य प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि जिला सेवायोजन विभाग और संबंधित विभागों के सहयोग से महाविद्यालय परिसर में रोजगार मेले का आयोजन किया जाना चाहिए। इससे युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर मिल सकेंगे। साथ ही क्षेत्र के युवाओं को नौकरी की तलाश में दूसरे शहरों की ओर पलायन करने की मजबूरी से भी राहत मिल सकती है। अभाविप कार्यकर्ताओं ने कहा कि स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण विषय है। इसके लिए प्रशासन और संबंधित विभागों को गंभीरता से पहल करनी चाहिए, ताकि युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें। इस मौके पर छात्रसंघ उपाध्यक्ष क्षितिज अग्रवाल, अनिकेत दुगलचा, कॉलेज इकाई अध्यक्ष रोहन राणा, अनुराग थापा, अतिन रावत और शौर्य बिश्नोई सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।