तीन वाहनों की भिड़ंत, उपचार के दौरान एक की मौत

ऋषिकेश। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह गूलर के समीप तीन वाहनों की भिड़ंत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल सेवानिवृत्त चिकित्सक की उपचार के दौरान मौत हो गई जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि एक वाहन चालक के अचानक ब्रेक मारने से हादसा हुआ। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है। हालांकि अभी किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है।
शुक्रवार सुबह स्थानीय निवासी विक्रम कोहली ने पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को दुर्घटनास्थल पर तीन वाहन क्षतिग्रस्त मिले। एक कार जो देहरादून से पौड़ी जा रही थी सामने से आ रही एक अन्य कार से उसकी भिड़त हो गई। घटना में देहरादून से पौड़ी जा रही कार सवार चालक मनीष पाल निवासी डोईवाला के पैर में चोट आई, जबकि पिछली सीट पर बैठे छोटेलाल मिश्रा निवासी नकरौंदा, हर्रावाला गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं पौड़ी से देहरादून जा रही कार में सवार चालक पवन और उनके पिता शिवचंद (74)भी घायल हो गए। घटना के दौरान गूलर से ब्यासी की ओर जा रही कार भी देहरादून से पौड़ी जा रही कार से टकरा गया। इससे उक्त कार दोनों वाहनों के बीच फंस गई। प्रभारी निरीक्षक मुनि की रेती प्रदीप चौहान ने बताया कि घायलों को एलएंडटी कंपनी की एंबुलेंस से एसपीएस राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश पहुंचाया गया। उपचार के दौरान गंभीर रूप से घायल छोटेलाल मिश्रा की मौत हो गई। बताया जा रहा है उक्त घटना इन तीनों वाहनों में से एक वाहन के अचानक ब्रेक मारने से हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *