देर रात पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो बदमाश घायल

देहरादून।राजधानी देहरादून में रविवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पटेलनगर थाना क्षेत्र के नयागांव के पास चेकिंग के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाशों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम द्वारा पीछा किए जाने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान बदमाशों की गोली पुलिस की बोलेरो गाड़ी की विंडस्क्रीन पर जा लगी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायल बदमाशों की पहचान समीम पुत्र इलियास और शहजाद पुत्र इखलाक निवासी रुड़की, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा गया है।
चेकिंग के दौरान पुलिस को
देखकर भागे बदमाश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात पटेलनगर क्षेत्र के नयागांव के पास पुलिस की टीम संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों युवक रुकने के बजाय बाइक लेकर बुडपुर की ओर भाग निकले।
पुलिस टीम ने तत्काल उनका पीछा शुरू किया। पीछा किए जाने के दौरान बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में पुलिस की बोलेरो गाड़ी की विंडस्क्रीन पर गोली लगी। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और इसके बाद अस्पताल पहुंचकर घायल बदमाशों के संबंध में जानकारी ली।
पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर में नकबजनी की कई वारदातों का खुलासा
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने देहरादून के पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर थाना क्षेत्रों में नकबजनी की कई घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी रविवार रात भी किसी अन्य आपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से निकले थे।
पुलिस अब दोनों आरोपियों से अन्य आपराधिक घटनाओं के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उनके गिरोह में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं और उन्होंने अब तक किन-किन क्षेत्रों में आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया है।
पुलिस को आशंका है कि पूछताछ के दौरान चोरी और नकबजनी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।
दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास, गैंगस्टर एक्ट में भी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में घायल समीम और शहजाद का आपराधिक इतिहास लंबा है। दोनों आरोपी पूर्व में कई बार हरिद्वार जेल जा चुके हैं। इनके खिलाफ देहरादून और हरिद्वार जनपद में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, समीम के खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक अभियोग दर्ज हैं, जबकि शहजाद के खिलाफ भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है। इसके साथ ही उनके आपराधिक नेटवर्क और पूर्व में की गई वारदातों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *