थाने के पीछे से चोरी हुई बाइक बरामद, आरोपी गिरफ्तार

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार में मोटर साइकिल चोरी की घटना का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चोरी की मोटर साइकिल भी बरामद की है। पुलिस अब आरोपित का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।


जानकारी के अनुसार, बीती 28 अक्टूबर को लकड़ी पड़ाव निवासी समीर ने कोतवाली में मोटर साइकिल चोरी की तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि वह किसी काम से बाजार आए थे। इस दौरान उन्होंने अपनी मोटर साइकिल कोतवाली के पीछे सिद्धबली मार्ग पर खड़ी की थी। कुछ देर बाद वापस लौटने पर मोटर साइकिल वहां से गायब मिली। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी। घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर आरोपित की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के ग्राम देवड़ा कला निवासी इसरान पुत्र ताहिर को चोरी की मोटर साइकिल के साथ क्षेत्र में घूमते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपित के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *