जिले की 32 सहकारी समितियों में होगी मंडुवा की खरीद

नई टिहरी। जिले में स्टेट मिलेट मिशन योजना 2026-27 के अंतर्गत मंडुवा खरीद की प्रक्रिया शुरू की गई है। योजना के तहत किसानों से मंडुवा की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य 52.05 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से की जाएगी। खरीद का कार्य 31 दिसंबर 2026 तक चलेगा। जिला सहायक निबंधक सहकारी समितियां पीएस रावत ने बताया कि उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ (यूसीएफ) देहरादून क्रय एजेंसी के माध्यम से जिले की 32 बहुउद्देशीय सहकारी समितियों के क्रय केंद्रों पर मंडुवा की खरीद की जा रही है। किसान निर्धारित क्रय केंद्रों के माध्यम से अपनी उपज को बेच सकेंगे। मंडुवा की खरीद ऑनलाइन ऐप के माध्यम से की जाएगी। उपज का भुगतान क्रय एजेंसी यूसीएफ की ओर से सीधे किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा। योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को उनकी कृषि उपज का उचित मूल्य उपलब्ध कराना है। साथ ही मोटे अनाज के उत्पादन एवं उपयोग को प्रोत्साहित करना भी है। इसके तहत मंडुवा सहित अन्य पारंपरिक कृषि उत्पादों के उत्पादन, खरीद और विपणन को बढ़ावा दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *