चंबा (टिहरी)। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और जिला पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने बाजार में जांच अभियान चलाया। टीम ने अलग-अलग दुकानों से मिठाई, पनीर, घी और मसालों समेत 12 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। वहीं, साफ-सफाई में लापरवाही मिलने पर दो होटल संचालकों को नोटिस जारी किए गए।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रमोद रावत के नेतृत्व में टीम ने होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री से जुड़े मानकों की जांच की गई। साथ ही प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलिंडरों के व्यावसायिक उपयोग की भी पड़ताल की गई। वरिष्ठ खाद्य अधिकारी शारदा शर्मा और बलवंत चौहान ने बताया कि अभियान के दौरान मिठाई के पांच, पनीर और मसालों के दो-दो, बेसन और घी का एक-एक, अन्य खाद्य पदार्थ का एक नमूना लिया गया। सभी 12 नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।