जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भाजपा जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल ने कांग्रेस पर विपक्ष की भूमिका का सही ढंग से निर्वहन नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस के कार्यकाल में प्रदेश की सैकड़ों एकड़ जमीन खुर्दबुर्द हुई, वही आज भूमि बचाओ आंदोलन चला रही है। कांग्रेस को राजनीतिक आंदोलन करने के बजाय जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को उठाना चाहिए।

मालवीय उद्यान स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए राज गौरव नौटियाल ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ग्राम पंचायतों की भूमि महज 1200 रुपये वार्षिक किराये पर आवंटित की गई थी। ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो सरकार ने 381 लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज करवा दिए। उन्होंने दावा किया कि इसी तरह गढ़वाल में 52 और कुमाऊं में पांच संस्थाओं को बेहद कम कीमत पर भूमि आवंटित की गई। नौटियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने लैंड जिहाद के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 13 हजार एकड़ भूमि को मुक्त कराया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस भूमि को सरकार ने अतिक्रमण से मुक्त कराया, उसी को बचाने के नाम पर कांग्रेस आंदोलन कर रही है। उन्होंने कांग्रेस पर अवैध मदरसों के खिलाफ हो रही कार्रवाई का विरोध करने का आरोप भी लगाया। कहा कि प्रदेश की जनता ऐसे प्रयासों को स्वीकार नहीं करेगी। पत्रकार वार्ता में महापौर शैलेंद्र सिंह रावत, विकासदीप मित्तल, सुमन कोटनाला और शशिबाला केष्टवाल सहित अन्य मौजूद रहे।