बाल वैज्ञानिकों ने माडल और प्रोजेक्ट से दिखाई प्रतिभा

जयन्त प्रतिनिधि ।
कोटद्वार : एकेश्वर विकासखंड के राजकीय इंटर कालेज नौगांवखाल में खंड स्तरीय सामाजिक विज्ञान महोत्सव एवं प्रोजेक्ट बाल मेले का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर आधारित माडल और प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर अपनी रचनात्मकता, नवाचार और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। महोत्सव में विकासखंड के 10 संकुलों के विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।


कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी डा. गुंजन अमरोही ने किया। महोत्सव में विद्यार्थियों ने माडल निर्माण, चित्रकला, प्रश्नोत्तरी, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक विज्ञान से जुड़े विषयों पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की ओर से तैयार किए गए प्रोजेक्ट उनकी कल्पनाशीलता, विषयों की समझ और नए प्रयोगों के प्रति रुचि को दर्शा रहे थे। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी डा. गुंजन अमरोही ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षिक आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके माध्यम से बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक जानकारी भी मिलती है। साथ ही उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मक सोच और आत्मविश्वास विकसित होता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *