संविधान संशोधन के साथ जनता के प्रति जवाबदेही और मूल भावना का संरक्षण भी आवश्यक
जयन्त प्रतिनिधि।
देहरादून : संविधान में निहित मूल प्रावधानों, निर्धारित समय-सीमाओं और उनके अनुपालन को लेकर उत्तराखंड उच्च न्यायालय के पूर्व अपर महाधिवक्ता एवं उप महाधिवक्ता अधिवक्ता विनोद नौटियाल ने केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक विस्तृत संवैधानिक प्रतिवेदन भेजकर संविधान निर्माताओं द्वारा तय किए गए संकल्पों और समय-सीमाओं की समीक्षा कराने तथा इस विषय पर संसद में व्यापक चर्चा कराने की मांग की है।

नौटियाल ने अपने प्रतिवेदन में सवाल उठाया है कि आजादी के करीब आठ दशक बाद भी संविधान के कई ऐसे प्रावधान हैं, जिनमें निर्धारित समय-सीमाओं और उद्देश्यों के अनुरूप अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि संविधान संशोधन के माध्यम से प्रावधानों में बदलाव तो किए गए, लेकिन उनके मूल उद्देश्यों और समय-सीमाओं के पालन का समुचित मूल्यांकन भी होना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से भाषा संबंधी संवैधानिक व्यवस्थाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि अनुच्छेद 343 में अंग्रेजी के प्रयोग को 26 जनवरी 1965 तक सीमित रखने की व्यवस्था की गई थी, जबकि अनुच्छेद 348 के तहत सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालयों में अंग्रेजी के प्रयोग को लेकर प्रावधान किए गए थे। इसके बावजूद न्यायिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था में भारतीय भाषाओं के व्यापक उपयोग और आम नागरिकों को उनकी भाषा में न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में अपेक्षित प्रयासों की समीक्षा जरूरी है। उन्होंने अनुच्छेद 351 के तहत हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए किए गए कार्यों और भविष्य की रणनीति पर भी संसद में विचार करने का आग्रह किया। प्रतिवेदन में राजनीतिक आरक्षण की अवधि का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया है। नौटियाल के अनुसार, संविधान के अनुच्छेद 334 में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए राजनीतिक आरक्षण की प्रारंभिक अवधि 10 वर्ष निर्धारित की गई थी, जिसे बाद में लगातार संवैधानिक संशोधनों के माध्यम से बढ़ाया जाता रहा। वर्ष 1959 से 2019 के बीच सात संशोधनों के जरिए इसकी अवधि बढ़ाकर 80 वर्ष तक कर दी गई। उन्होंने सवाल किया कि इस अवधि के विस्तार से पहले क्या पर्याप्त आंकड़ों, सार्वजनिक रिपोर्टों और संसदीय समीक्षा के आधार पर निर्णय लिया गया था।
सरकारी सेवाओं में आरक्षण पर पुनर्विचार की आवश्यकता
उत्तराखंड उच्च न्यायालय के पूर्व अपर महाधिवक्ता एवं उप महाधिवक्ता अधिवक्ता विनोद नौटियाल ने सरकारी सेवाओं में आरक्षण के विषय पर भी उन्होंने व्यापक पुनर्विचार की आवश्यकता जताई। उनका कहना है कि अनुच्छेद 16 में आरक्षण के लिए कोई निश्चित समय-सीमा निर्धारित नहीं है, लेकिन इस व्यवस्था की निरंतर समीक्षा और सामाजिक प्रभावों का मूल्यांकन होना चाहिए। उन्होंने मुकेश कुमार बनाम उत्तराखंड राज्य (2020) तथा जनहित अभियान बनाम भारत सरकार (2023) के निर्णयों का उल्लेख करते हुए आरक्षण से जुड़े संवैधानिक और कानूनी पहलुओं पर चर्चा की मांग की। उन्होंने सुझाव दिया कि सरकारी नौकरियों में आरक्षण की व्यवस्था पर आर्थिक स्थिति को भी प्रमुख आधार बनाकर विचार किया जाना चाहिए, ताकि सभी वर्गों के आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को समान अवसर मिल सकें।
संविधान केवल शासन संचालन की व्यवस्था नहीं
उत्तराखंड उच्च न्यायालय के पूर्व अपर महाधिवक्ता एवं उप महाधिवक्ता अधिवक्ता विनोद नौटियाल ने अपने प्रतिवेदन में स्पष्ट किया है कि संविधान केवल शासन संचालन की व्यवस्था नहीं, बल्कि देश की जनता के साथ किया गया लोकतांत्रिक संकल्प भी है। संसद को संविधान में संशोधन करने का अधिकार प्राप्त है, लेकिन इस अधिकार के साथ यह जिम्मेदारी भी जुड़ी है कि प्रत्येक बदलाव संविधान की मूल भावना, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप हो। उन्होंने कहा कि प्रतिवेदन का उद्देश्य किसी वर्ग के अधिकारों को कम करना, किसी भाषा का विरोध करना अथवा संसद की संवैधानिक शक्तियों पर सवाल खड़ा करना नहीं है। उनका आग्रह केवल इतना है कि संविधान निर्माताओं की मूल अपेक्षाओं, निर्धारित समय-सीमाओं और अब तक किए गए संवैधानिक बदलावों का निष्पक्ष मूल्यांकन किया जाए। वरिष्ठ अधिवक्ता विनोद नौटियाल ने प्रधानमंत्री से इस विषय को राष्ट्रीय महत्व का मानते हुए संसद में चर्चा कराने और आवश्यक विधायी एवं नीतिगत कदम उठाने का अनुरोध किया है। प्रतिवेदन की प्रतिलिपि केंद्रीय विधि मंत्री तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को भी भेजी गई है।