जयन्त प्रतिनिधि।
थलीसैंण : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय थलीसैंण में गंगोत्सव के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना और नमामि गंगे के संयुक्त तत्वावधान में रैली, गंगा स्वच्छता शपथ एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गंगा नदी की स्वच्छता, संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति विद्यार्थियों, आमजन को जागरूक करना और युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्रो. विमल कुकरेती ने गंगा नदी के सांस्कृतिक, धार्मिक एवं पर्यावरणीय महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गंगा की स्वच्छता एवं संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से जल स्रोतों के संरक्षण तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रभारी डॉ. बचन सिंह ने गंगोत्सव के महत्व एवं इसके उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सभ्यता और जीवन का आधार है। इसके संरक्षण के लिए जनजागरूकता एवं जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा गंगा स्वच्छता एवं संरक्षण की शपथ ली। कार्यशाला के माध्यम से गंगा एवं अन्य जल स्रोतों को स्वच्छ रखने, प्लास्टिक प्रदूषण रोकने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।