जखोली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली में आयोजित निशुल्क मोतियाबिंद शिविर में 27 लोगों के नेत्रों की जांच की गई। इनमें छह लोगों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई। मरीजों का देहरादून स्थित विवेकानंद नेत्रालय में निशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत आयोजित शिविर में विवेकानंद नेत्रालय, रामकृष्ण मिशन आश्रम किशनपुर देहरादून की टीम ने 11 पुरुषों और 16 महिलाओं की जांच की। इनमें दो पुरुष और चार महिलाएं मोतियाबिंद से ग्रसित पाए गए जबकि 20 लोगों को दवाएं वितरित की गईं। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी ने बताया कि मोतियाबिंद से ग्रसित लोगों को नेत्रालय की टीम देहरादून ले जाकर निशुल्क ऑपरेशन कराएगी। अगला शिविर पांच नवंबर को ऊखीमठ ब्लॉक के ग्राम मनसूना स्थित पंचायत भवन में होगा। शिविर में दृष्टिमितिज्ञ हनुमंत सिंह, राकेश कुंवर और बृजेश नेगी ने सेवाएं दीं।