पेट्रोल लेकर अस्पताल की छत पर चढ़े गणेश भट्ट, प्रशासन में मचा हड़कंप

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : पाबौ में पांच सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे गणेश भट्ट का आंदोलन सोमवार को उग्र हो गया। एक नवंबर से भूख हड़ताल पर बैठे गणेश भट्ट और दिलवर सिंह नेगी की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। विधायक राजकुमार पोरी ने भी गणेश भट्ट से वार्ता कर उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह मांगों पर कार्रवाई होने तक आंदोलन समाप्त करने को तैयार नहीं हुए।


पाबौ में उप जिला अस्पताल और उप तहसील बनाए जाने समेत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर अनशन कर रहे आंदोलनकारी गणेश भट्ट सोमवार को जिला अस्पताल की छत पर चढ़ गए। इससे पुलिस व प्रशासन में हलचल बढ़ गई। आंदोलनकारी करीब पांच घंटे तक छत पर बैठे रहे। क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के लिए गणेश भट्ट व दिलबर नेगी ने बीते 27 अक्तूबर से कलेक्ट्रेट परिसर के समीप धरना शुरू किया था लेकिन प्रशासन की ओर से उनके साथ वार्ता नहीं किए जाने और मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने दो नवंबर से अनशन शुरू किया था। स्वास्थ्य में गिरावट का हवाला देते हुए प्रशासन ने उन्हें जबरन जिला अस्पताल में भर्ती किया। जनप्रतिनिधियों और प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए सोमवार को आंदोलनकारी भट्ट दिनभर जिला अस्पताल की छत पर बैठे रहे। पूर्वाह्न करीब 11 बजे भट्ट के छत पर चढ़ने की सूचना के बाद पुलिस और एसडीएम श्रीनगर नुपुर वर्मा मौके पर पहुंचीं। इसके बाद विधायक राजकुमार पोरी भी उन्हें समझाने के लिए पहुंचे लेकिन आंदोलनकारी छत पर डटे रहे। विधायक ने एसडीएम व पीएमएस से वार्ता कर स्थिति का जायजा लिया। विधायक ने कहा कि उन्हें भट्ट की मांगों की कोई सूचना नहीं थी यदि आंदोलनकारी ने धरना दिया था तो उन्हें भी ज्ञापन दिया जाना चाहिए था। वे आंदोलनकारी की मांगों से सरकार को रूबरू करते। पुलिस ने आंदोलनकारी को समझा बुझाकर करीब चार बजे छत से नीचे उतारा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *