जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शैलाटेंग विजय दिवस के अवसर पर गौरव सैनिक तीन पैरा (विशेष बल) की ओर से कार्यक्रम आयोजित कर देश की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान शैलाटेंग, पुंछ सहित विभिन्न सैन्य अभियानों और युद्धों में अदम्य साहस का परिचय देने वाले बलिदानियों के शौर्य और योगदान को याद किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वर्ष 1971 के युद्ध के विजेता कैप्टन (अप्रा.) राम सिंह रावत ने किया। इस दौरान शैलाटेंग के वीर बलिदानियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। गौरव सेनानी अनूप ध्यानी ने शैलाटेंग आपरेशन के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए अभियान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों ने कहा कि देश की आजादी और सुरक्षा के लिए भारतीय सेना के जवानों ने अद्वितीय बलिदान दिया है। युवा पीढ़ी को सैनिकों के साहस, समर्पण और देशभक्ति से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि वीर सैनिकों का इतिहास आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत रहेगा। इस मौके पर बलवान सिंह रावत, गजराज सिंह नेगी, गोपाल सिंह नेगी, राकेश बलूनी, देवेंद्र डंगवाल, शिव सिंह रावत, चंद्रशेखर सिंह चौहान और पुष्कर सिंह रावत सहित अन्य मौजूद रहे।