जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत सिमलचौड़ में घर के आगे पटाखे फोड़ने से मना करने पर कुछ युवकों ने एक घर पर पथराव कर दिया। आरोप है कि युवकों ने घर के अंदर पत्थर और जलते हुए रॉकेट भी फेंके। घटना में घर के तीन सदस्यों समेत पांच लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

सिमलचौड़ निवासी बंटी कुमार ने बताया कि रविवार रात दीपावली पर वह अपने दोस्तों के साथ पड़ोसियों के घर मिठाई देने गया था। इसी दौरान 15 से 20 युवक वाहनों से वहां पहुंचे और उसके घर के आगे पटाखे फोड़कर हुड़दंग करने लगे। उसकी मां और भाई ने युवकों को ऐसा करने से मना किया तो वे भड़क गए। आरोप है कि युवकों ने घर के अंदर पत्थर और जलते हुए रॉकेट फेंकने शुरू कर दिए। इस दौरान एक पत्थर खिड़की का शीशा तोड़कर कमरे में रखे ड्रेसिंग मिरर से टकराया जिससे उसकी बहन अक्षिता घायल हो गई। वहीं, एक अन्य पत्थर उसके भाई अक्षय के सिर पर लग गया। घर पहुंचने पर उसने दोनों भाई-बहन को घायल अवस्था में देखा। आरोप है कि विरोध करने पर युवकों ने उसके और उसके दोस्तों के साथ भी मारपीट की जिसमें वह और उसके दोस्त मोहिता भाटिया व नाजिम भी घायल हो गए।