हाथी दांत गायब होने के मामले में वन गुज्जर से पूछताछ, विरोध

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लालढांग रेंज के सरकारी स्टोर से हाथी दांत गायब होने के मामले में वन विभाग की जांच अब वन गुज्जरों तक पहुंच गई है। विभाग ने संदेह के आधार पर एक वन गुज्जर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। हालांकि, कई घंटे तक उसे नहीं छोड़े जाने पर वन गुज्जरों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में रेंज कार्यालय पहुंचे वन गुज्जरों ने विभागीय कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए विरोध जताया। बाद में डीएफओ के हस्तक्षेप पर हिरासत में लिए गए गुज्जर को छोड़ दिया गया।


दरअसल, कुछ दिन पूर्व लैंसडौन वन प्रभाग की लालढांग रेंज के सरकारी स्टोर से हाथी के पांच दांत गायब होने का मामला सामने आया था। गायब दांतों का कुल वजन 35.41 किलोग्राम बताया गया है। सरकारी अभिरक्षा में रखे वन्यजीव अंगों के गायब होने की घटना ने वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए थे। मामले में उप प्रभागीय वनाधिकारी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। वहीं, विभागीय स्तर पर जांच के लिए हरिद्वार के डीएफओ की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। जांच के दौरान शक के आधार पर रेंज क्षेत्र में रहने वाले एक वन गुज्जर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। इसकी जानकारी मिलते ही अन्य वन गुज्जर रेंज कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए एक वन गुज्जर को मामले में फंसाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने हिरासत में लिए गए व्यक्ति को तत्काल छोड़ने की मांग की। मामले की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे डीएफओ ने वन गुज्जरों को समझाकर शांत कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *