जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर महानगर कांग्रेस कमेटी ने राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों और बलिदानियों को याद किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उनके चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। कांग्रेस नेताओं ने राज्य के वर्तमान हालात पर चिंता जताते हुए कहा कि जिन उद्देश्यों को लेकर पृथक राज्य की मांग उठी थी, वे आज भी पूरी तरह धरातल पर नहीं उतर पाए हैं।

पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का गठन पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान और स्थानीय लोगों को बेहतर भविष्य देने के उद्देश्य से किया गया था। आंदोलनकारियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और क्षेत्रीय विकास की उम्मीद के साथ अलग राज्य की लड़ाई लड़ी थी, लेकिन आज भी पहाड़ों से पलायन जारी है। गांवों में घटती आबादी राज्य के विकास के दावों पर सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के 26 वर्ष बाद भी आंदोलनकारियों के सपनों को पूरा करने की चुनौती बनी हुई है। पहाड़ों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना होगा। केवल सड़क और भवन बना देने से विकास की तस्वीर नहीं बदल सकती। जब तक गांवों में रहने वाले युवाओं को रोजगार और आमजन को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलेंगी, तब तक राज्य निर्माण का उद्देश्य पूरा नहीं होगा। कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष मीना बछुवाण, प्रवीन रावत, धीरेंद्र सिंह बिष्ट, विनीता भारती, साबर सिंह नेगी, विजय माहेश्वरी और हेमचंद पंवार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।