जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राजकीय इंटर कालेज कोटद्वार में राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जहां स्वयं सेवियों ने स्वच्छता अभियान चलाकर सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया, वहीं छात्र-छात्राओं ने राज्य आंदोलन के संघर्षपूर्ण इतिहास को भी जाना।

कार्यक्रम के दौरान राज्य आंदोलनकारी डा. पद्मेश बुडाकोटी ने विद्यार्थियों को उत्तराखंड राज्य आंदोलन के विभिन्न पड़ावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लंबे जनसंघर्ष और अनेक आंदोलनकारियों के बलिदान के बाद पृथक उत्तराखंड राज्य का सपना साकार हुआ। अब नई पीढ़ी का दायित्व है कि वह राज्य की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और विकास को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। विद्यालय के प्रधानाचार्य मुकेश रावत और एनएसएस प्रभारी डबल सिंह रावत ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्वयं सेवियों को ‘स्वयं से पहले आप’ के आदर्श को आत्मसात करते हुए समाजसेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।