कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित परिवार ने एएसपी से लगाई गुहार
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि एक ही घर को दो बार निशाना बना चुके हैं। हैरानी की बात यह है कि पीड़ित परिवार की ओर से पुलिस को शिकायत दिए जाने के बावजूद अब तक चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश नहीं हो पाया है। पुलिस की कार्रवाई से निराश परिवार ने अब अपर पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।

शनिवार को सिम्मलचौड़ स्थित नैन पपीसा कालोनी निवासी तपस्या रावत अपने पति देवेंद्र सिंह रावत और अधिवक्ता रोहित डंडरियाल के साथ अपर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर से मिलीं। उन्होंने बताया कि बीती छ: नवंबर को वह अपने मकान की ऊपरी मंजिल पर सो रही थीं। इसी दौरान अज्ञात चोर घर में घुसे और सोने के आभूषण चोरी कर ले गए। उन्होंने बताया कि इससे पहले सात जुलाई को भी उनके पर्स से 30 हजार रुपये की नकदी, स्कूटी के कागजात और अन्य जरूरी दस्तावेज चोरी हो चुके हैं। इसके अलावा अगस्त में भी चोरों ने घर में घुसकर चोरी का प्रयास किया था। तीनों घटनाओं की जानकारी पुलिस को देने के बावजूद अब तक न तो आरोपितों का पता चल पाया है और न ही चोरी गया सामान बरामद हुआ है। पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए एएसपी से मामले में प्रभावी कार्रवाई करने और चोरी गए आभूषण व अन्य सामान बरामद कराने की मांग की है।