कस्बीनगर-विनायकधार सड़क निर्माण दो साल से अटका

थराली। कस्बीनगर-विनायकधार पांच किमी सड़क का निर्माण वन भूमि की मंजूरी नहीं मिलने से अधर में है। सड़क बनने से थराली से ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण की दूरी 90 से घटकर 45 किमी रह जाएगी। साथ ही पिंडर और खंसर घाटी के 20 से अधिक गांवों की 12 हजार से अधिक आबादी को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
पांच किमी सड़क में एक किमी लोनिवि थराली और चार किमी लोनिवि गैरसैंण के अंतर्गत है। पिंडर-खंसर संघर्ष समिति लंबे समय से इसके निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन कर रही है। विधायकों के आश्वासन पर अनशन समाप्त किया गया था लेकिन दो साल बाद भी निर्माण में प्रगति नहीं हुई। समिति सदस्यों ने सीमांत क्षेत्र की जरूरत को देखते हुए जल्द सड़क बनाने की मांग की है। वहीं लोनिवि गैरसैंण के अधिशासी अभियंता जगदीश प्रसाद थपलियाल ने बताया कि घना जंगल होने के कारण केंद्र सरकार ने पहली बार प्रस्ताव खारिज कर दिया था। जनदबाव के बाद सर्वेक्षण बदलकर प्रस्ताव वन विभाग को भेजा गया। अब तीसरी बार फाइल वन विभाग में है। स्वीकृति मिलने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। वहीं, लोनिवि थराली के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा ने बताया कि कस्बीनगर से विनायकधार तक स्वीकृत दो किमी सड़क में एक किमी का निर्माण हो चुका है। शेष एक किमी वन भूमि के कारण अटका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *