हाथी दांत गायब होने के मामले में रेंजर समेत दो निलंबित

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लैंसडौन वन प्रभाग की लालढांग रेंज के स्टोर से हाथी के पांच दांत गायब होने के मामले में वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए वन क्षेत्राधिकारी समेत दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। विभागीय जांच में स्टोर से हाथी दांत गायब होने के मामले को गंभीर लापरवाही माना गया है। उधर, वन विभाग की टीम के साथ ही पुलिस भी चोरी हुए हाथी दांतों की तलाश में जुटी हुई है।


बताते चलें कि बीती 18 अक्टूबर को लालढांग रेंज कार्यालय परिसर स्थित मालखाने से हाथी के पांच दांत गायब होने का मामला सामने आया था। इसकी जानकारी मिलते ही वन महकमे में हड़कंप मच गया। मामले में पुलिस और वन विभाग की टीमें जांच के साथ ही गायब दांतों की तलाश में जुटी हैं। इस सिलसिले में बीते दिवस हरिद्वार जिले के गैंडीखाता स्थित गुज्जर बस्ती निवासी गुलाम मुस्तफा उर्फ नानू को गिरफ्तार किया गया था, जबकि एक अन्य आरोपित अब भी फरार है। विभागीय जांच में लापरवाही सामने आने पर वन क्षेत्राधिकारी अनुराग जोशी और तत्कालीन डिप्टी रेंजर भगवती प्रसाद भदूला को निलंबित कर दिया गया है। वर्तमान में भगवती प्रसाद भदूला भूमि संरक्षण वन प्रभाग लैंसडौन की गोहरी रेंज के प्रभारी रेंजर के पद पर तैनात थे। निलंबन के बाद दोनों अधिकारियों को शिवालिक वृत्त कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। इससे पूर्व वन संरक्षक (शिवालिक) राजीव धीमान ने लालढांग रेंज में तैनात एक वन दरोगा को भी निलंबित किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *