महिला की मौत के मामले में पति पर उत्पीड़न का आरोप

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : दीपावली पर ससुराल में दीपावली मनाने आई एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में मृतका के भाई ने उसके पति पर उत्पीड़न का आरोप लगया है। पुलिस ने दी गई तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर दिया है।


बताते चलें कि आठ नवंबर की मध्य रात्रि के उपरांत कोटड़ीढांग निवासी मुकुल अधिकारी की पत्नी कविता ने घर में चुन्नी के सहारे फांसी लगा कर आत्महत्या कर दी। मुकुल अपनी पत्नी कविता और दो बच्चों के साथ दिल्ली में रहता हैं व दीपावली त्योहार के मद्देनजर पूरे परिवार के साथ कोटड़ीढांग स्थित अपने आवास में आए थे। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। अभी तक मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी नहीं आई है। इधर, इस मामले में मृतका कविता के भाई गोविंद सिंह की ओर से पुलिस में तहरीर दी गई। कहा गया कि तीन फरवरी 20006 को उनकी बहन का विवाह मुकुल से हुआ। आरोप है कि मुकुल ने उनकी बहन को विवाह के तत्काल बाद ही उत्पीड़ित करना शुरू कर दिया था। जिस कारण विवाह के तीसरे दिन ही उनकी बहन ने हाथ की नस काट आत्महत्या का प्रयास किया। आरोप लगाया कि मुकुल उनकी बहन को शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना देता था। तहरीर में पुलिस से मामले की जांच कर कार्यवाही की मांग की गई है। कोतवाली प्रभारी प्रदीप नेगी ने बताया कि मुकुल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *