यूकेडी ने भाबर में निकाली संकल्प यात्रा, जनता से मांगे सुझाव

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी की ओर से भाबर क्षेत्र में संकल्प यात्रा निकालकर लोगों से संवाद किया जा रहा है। ‘नंगे पैर, जनता के द्वार’ अभियान के तहत कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनने के साथ ही उनकी मांगों और सुझावों को लिखित रूप में दर्ज कर रहे हैं।


केंद्रीय प्रचार मंत्री रविंद्र सौंद के नेतृत्व में कण्वाश्रम से संकल्प यात्रा का शुभारंभ किया गया। रविंद्र सौंद ने कहा कि राष्ट्रीय दलों के नेता बंद कमरों में बैठकर पांच वर्षों के लिए संकल्प पत्र तैयार करते हैं, जबकि जनता की वास्तविक समस्याओं और जरूरतों को उसमें पर्याप्त स्थान नहीं मिल पाता। यूकेडी जनता से सीधे सुझाव लेकर अपना घोषणा पत्र तैयार करेगी। इसमें लोगों की ओर से दिए गए लिखित सुझावों और मांगों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का घोषणा पत्र जनता का अपना घोषणा पत्र (पीपुल्स मेनिफेस्टो) होगा, ताकि आगामी पांच वर्षों में जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य किए जा सकें। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान क्षेत्र के अस्पतालों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत घरों, सार्वजनिक शौचालयों और सरकारी संपत्तियों की स्थिति का जायजा लिया जाएगा। साथ ही सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, बेरोजगारी और बढ़ते नशे की समस्या से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। महिलाओं, बुजुर्गों, वाहन चालकों, कर्मचारियों और पूर्व सैनिकों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों से उनकी समस्याओं और जरूरतों के संबंध में सुझाव लिए जा रहे हैं। यात्रा में वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी महेंद्र रावत, केंद्रीय प्रचार मंत्री उम्मेद भंडारी, केंद्रीय महामंत्री सैनिक प्रकोष्ठ राजेश बुडाकोटी, जिलाध्यक्ष सैनिक प्रकोष्ठ नरेश धस्माना, नगर महामंत्री हरीश ध्यानी, गोवर्धन काला, कृपाल गुसाईं, रविंद्र बिष्ट, सीमा बिष्ट, कल्पना जोशी, लक्ष्मण सिंह और ध्यान सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *