लोक संस्कृति के रंगों से सजी सांस्कृतिक संध्या, तीलू रौतेली के शौर्य ने मोहा मन

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर श्री सिद्धबली पब्लिक स्कूल में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में लोक संस्कृति के विविध रंग देखने को मिले। छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली लोकगीतों और लोकनृत्यों के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को मंच पर जीवंत किया। वहीं, वीरांगना तीलू रौतेली के शौर्य और पराक्रम पर आधारित प्रस्तुति ने दर्शकों को खासा प्रभावित किया।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ अपनी संस्कृति, परंपराओं और जड़ों से जोड़ना भी जरूरी है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में अपनी विरासत के प्रति गौरव और सम्मान की भावना विकसित करते हैं। विशिष्ट अतिथि महापौर शैलेंद्र सिंह रावत और भाजपा जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत तीलू रौतेली के साहस और वीरता पर आधारित प्रस्तुति से हुई। विद्यार्थियों ने अपने अभिनय के माध्यम से उत्तराखंड के गौरवशाली इतिहास और वीर परंपराओं को दर्शाया। इसके बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य समीन पुरोहित ने ‘धरती हमरा गढ़वाल की’ और ‘मंगतू की मांगण’ लोकगीतों की प्रस्तुति देकर समा बांधा। विद्यार्थियों ने भी लोकगीतों और पारंपरिक नृत्यों के जरिए दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इस अवसर पर विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। गुजरात के सूरत मेडिकल कालेज में अध्ययनरत रिहान अंसारी, अल्मोड़ा मेडिकल कालेज की छात्रा कुमकुम और भुवनेश्वर स्थित आईआईआईटी में कंप्यूटर साइंस से बीटेक कर रहे आदित्य कुमार को शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, संगीत के क्षेत्र में योगदान के लिए संगीतज्ञ जितेंद्र सिंह बिष्ट को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। इस मौके पर विद्यालय के प्रबंधक विपिन मोहन डोभाल, एडमिन डायरेक्टर ममता बुड़ाकोटी सहित विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *