अस्सी हजार किताबों का ढेर, नई पुस्तकों का इंतजार

उत्तरकाशी। पीजी कॉलेज के पुस्तकालय में करीब 80 हजार किताबें उपलब्ध हैं लेकिन इतनी बड़ी संख्या में पुस्तकों का संग्रह होने के बावजूद छात्र-छात्राओं को पाठ्यक्रम के अनुरूप नई किताबें नहीं मिल पा रही हैं। कॉलेज की लाइब्रेरी में आज भी बड़ी संख्या में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रम पर आधारित पुरानी किताबें रखी हैं जबकि महाविद्यालय वर्ष 2016 में ही श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय से संबद्ध हो चुका है। ऐसे में छात्र-छात्राओं को नए पाठ्यक्रम की तैयारी के लिए लाइब्रेरी में उपलब्ध पुरानी किताबों से ही काम चलाना पड़ रहा है। लाइब्रेरी में पुस्तकों की संख्या भले ही 80 हजार के आसपास हो लेकिन उनकी उपयोगिता मौजूदा पाठ्यक्रम के लिहाज से सीमित होती जा रही है। श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय की ओर से समय-समय पर पाठ्यक्रम में बदलाव किया जाता है। ऐसे में नई किताबें खरीदे जाने के बावजूद पाठ्यक्रम बदलने पर वे भी छात्रों के लिए अपेक्षाकृत कम उपयोगी रह जाती हैं। वहीं, लाइब्रेरी संचालकों के अनुसार नई किताबों की खरीद के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध नहीं हो पाता। इसके चलते लंबे समय से पुराने पुस्तक संग्रह के सहारे ही लाइब्रेरी संचालित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *