देहरादून। उत्तराखंड में 12 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में शुक्रवार को मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को ड्राफ्ट मतदाता सूची की सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई। उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी राजनीतिक दलों से सक्रिय सहभागिता और सहयोग की अपील की।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने में राजनीतिक दलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने दलों के प्रतिनिधियों से मतदाता सूची का अवलोकन करने तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि या विसंगति पाए जाने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई में सहयोग करने का आह्वान किया। बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी तथा सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित भारतीय जनता पार्टी, इंडियन नेशनल कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी, आम आदमी पार्टी एवं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माक्र्सवादी) के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।