रुद्रपुर जिला अस्पताल में खूनी संघर्ष, कारोबारी की चाकू से गोदकर हत्या

ऊधमसिंह नगर। उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। जिला अस्पताल परिसर में इलाज कराने पहुंचे दो कारोबारी पक्षों के बीच चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई, जबकि मृतक के भाई समेत तीन लोग घायल हो गए। अस्पताल परिसर में हुई इस वारदात से मरीजों और तीमारदारों में दहशत फैल गई।
मृतक की पहचान जगतपुरा निवासी नितेश जोहरी उर्फ राजकुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह घर में ही मोबाइल की दुकान संचालित करते थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोबाइल कारोबार में प्रतिस्पर्धा को लेकर उनका दूसरे दुकानदार पक्ष के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था।
कारोबारी रंजिश में पहले भी
हुआ था विवाद
जानकारी के मुताबिक, जगतपुरा और आवास विकास क्षेत्र में मोबाइल की दुकान संचालित करने वाले दोनों पक्षों के बीच व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा को लेकर काफी समय से तनातनी चल रही थी। करीब एक सप्ताह पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि उस दौरान नितेश को जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस संबंध में उन्होंने पुलिस को शिकायत भी दी थी।
शुक्रवार सुबह एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया और चार लोग घायल हो गए। इस दौरान एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाए जाने की बात सामने आई है।
जिला अस्पताल में दोबारा हुआ
चाकू से हमला
सुबह हुए विवाद में घायल लोग मेडिकल परीक्षण और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान करीब 10 से 15 लोगों के अस्पताल परिसर में पहुंचने की जानकारी सामने आई। यहां दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ लोगों ने चाकू निकालकर दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नितेश के सीने पर चाकू से गंभीर वार किए गए। वहीं उनके भाई दिनेश और कर्मचारी कमल समेत अन्य लोग भी घायल हो गए।
डॉक्टरों ने नितेश को मृत घोषित किया
चाकू से गंभीर रूप से घायल नितेश को तत्काल उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना में घायल अन्य लोगों का उपचार कराया जा रहा है।
नितेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया है कि वह अपने पीछे पत्नी पार्वती देवी और बेटी लक्षिता को छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा, आरोपियों की तलाश जारी
अस्पताल परिसर में हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी प्रमोद कुमार सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घटना के बाद अस्पताल में लोगों की भीड़ जुट गई और तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई।
पुलिस की मौजूदगी में भी दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए, जिसके बाद पुलिसकर्मियों को स्थिति नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। एहतियातन अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *