बाल दिवस पर महंत इंदिरेश चरण दास को किया याद

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल देवी रोड में शनिवार को बाल दिवस और संस्थान के प्रेरणास्रोत ब्रह्मलीन महंत इंदिरेश चरण दास का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात कर जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही वार्षिक खेल सप्ताह के तहत विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।


विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्या अनुसूया वर्मा ने महंत इंदिरेश चरण दास और पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया। उन्होंने महंत इंदिरेश चरण दास के जीवन, त्याग और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। बताया कि उनका जन्म 14 नवंबर 1919 को पौड़ी गढ़वाल के खमाना गांव में हुआ था। स्वतंत्रता सेनानी और शिक्षाविद् के रूप में उन्होंने उत्तर भारत में 130 से अधिक शिक्षण संस्थानों की स्थापना में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं, वार्षिक खेल सप्ताह के दूसरे दिन प्राइमरी वर्ग में सैक रेस और चेयर रेस प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सब-जूनियर वर्ग में रिले रेस, बैडमिंटन, शतरंज, कैरम, कबड्डी, खो-खो और स्किपिंग रोप प्रतियोगिताओं में विभिन्न सदनों के विद्यार्थियों ने उत्साह पूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक रोशन नेगी, पूनम बहुखंडी, संतोष पंत और बृजेंद्र नेगी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *