डीएवी स्कूल में खेल प्रतियोगिताओं के साथ मनाया बाल दिवस

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को किया सम्मानित
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : डीएवी पब्लिक स्कूल में बाल दिवस के अवसर पर विभिन्न खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों ने खेल प्रतियोगिताओं में उत्साह पूर्वक प्रतिभाग करने के साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।


कार्यक्रम की शुरुआत हरिश्चंद्र शास्त्री के प्रेरक संबोधन से हुई। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने वायलिन वादन, गढ़वाली समूह गान और एकल नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। योग प्रदर्शन के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी शारीरिक क्षमता और अनुशासन का परिचय दिया। वहीं, बॉल ड्रिल, डंबल ड्रिल और पिरामिड प्रदर्शन ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। पीयूष प्रसाद ने शायरी प्रस्तुत कर कार्यक्रम में साहित्यिक रंग भरे। खेल प्रतियोगिताओं में नन्हें विद्यार्थियों के लिए क्लीनअप चैंप, रन एंड फ्रीज और लॉन्ड्री रेस आयोजित की गईं। कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों ने 50, 100 और 200 मीटर दौड़ के अलावा बैलून रेस, रैबिट रेस, बुक बैलेंसिंग, हेन रेस, ऑब्स्टेकल रेस, थ्री लेग्ड रेस, सैक रेस और लेमन एंड स्पून रेस में प्रतिभाग किया। वहीं, कक्षा नौ से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए अंतरसदनीय प्रतियोगिताओं के तहत बालक एवं बालिका वर्ग में 200 मीटर, 400 मीटर और रिले दौड़ आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने खेल भावना और उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य नितिन भाटिया, सीमा रावत, दिव्या नौटियाल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *