टिहरी। उत्तराखंड में मंगलवार की सुबह कई परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दर्द लेकर आई। टिहरी, रुद्रप्रयाग और ऋषिकेश क्षेत्र में हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में कुल 14 लोगों की जान चली गई, जबकि 36 लोग घायल हो गए।
कहीं यात्री बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी तो कहीं बोलेरो और मैक्स वाहन गहरी खाई में गिर गए। हादसों के बाद घटनास्थलों पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें कई की हालत गंभीर है। इन हादसों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राहुल गांधी ने भी दुख जताया है। हादसों का मंजर भयावह था। अपनों को खोने वाले परिवारों में मातम पसरा है। घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। हादसों की खबर सामने आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी गहरा दुख जताया है।
गूलर बस हादसा: पुल से 100 मीटर नीचे गदेरे में गिरी बस, नौ की मौत और 26 घायल
टिहरी जिले में गूलर घाटी के पास मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे बड़ा हादसा हो गया। हरिद्वार से चमोली के कर्णप्रयाग जा रही यात्री बस गूलर बाजार के पास अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए। घायलों में छह की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की ब्यासी पोस्ट से उपनिरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए ढालवाला और एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय से भी अतिरिक्त टीमें भेजी गईं। एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पोखरी से रांसी जा रही बोलेरो खाई में गिरी,
चार की मौत और छह घायल
रुद्रप्रयाग जिले में सोमवार देर रात बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। वाहन में करीब 10 लोग सवार थे। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। वाहन पोखरी क्षेत्र से रांसी की ओर जा रहा था। सूचना मिलने पर कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें 108 एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचीं। सीओ रुद्रप्रयाग सहित पुलिस और बचाव दलों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया। रातभर चले रेस्क्यू अभियान में सभी लोगों को खाई से बाहर निकाला गया। छह घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें दो को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि चार को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया।