स्व. मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी की स्मृति में क्विज प्रतियोगिता

21 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने किया प्रतिभा का प्रदर्शन
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : स्व. मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी की स्मृति में शनिवार को कोटद्वार के घमंडपुर स्थित विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण के आवास पर क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में क्षेत्र के 21 विद्यालयों के दो-दो छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।


प्रतियोगिता में सामान्य ज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी, विज्ञान और उत्तराखंड से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे गए। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्व. मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी का जीवन अनुशासन, समर्पण और कर्तव्य निष्ठा की प्रेरणा देता है। विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर शिक्षा के साथ अच्छे संस्कारों को भी अपने जीवन में अपनाना चाहिए। कार्यक्रम के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों और छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यालयों की आवश्यकताओं और विद्यार्थियों की पढ़ाई से जुड़े विषयों पर शिक्षकों की राय भी जानी। प्रतियोगिता के संयोजक तरुण ईष्टवाल ने बताया कि इसमें आदर्श विद्या निकेतन, बाल भारती पब्लिक स्कूल, बलूनी पब्लिक स्कूल, ब्लूमिंग वेल पब्लिक स्कूल, ब्राइट करियर चिल्ड्रन एकेडमी, क्रेडल पब्लिक स्कूल, डीएवी पब्लिक स्कूल, जीजीआईसी घमंडपुर, हैप्पी होम, हेड हेरिटेज एकेडमी, जेपी इंटर कॉलेज, एमकेवीएन, मदरलैंड एकेडमी, नवयुग पब्लिक स्कूल, आरसीडी पब्लिक स्कूल, रोहित अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आरपी पब्लिक स्कूल, स्कॉलर्स एकेडमी, श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, श्री सिद्धबली पब्लिक स्कूल और टीसीजी के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को स्मृति चिह्न और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *