विद्यार्थी अपने लक्ष्य के प्रति सदैव समर्पित रहें : नगर आयुक्त

खेलों के उत्साह, अनुशासन और प्रतिभा का भव्य संगम बना वार्षिक एथलेटिक मीट
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : हैप्पी होम स्कूल कोटद्वार में वार्षिक एथलेटिक मीट 2026-27 का आयोजन अत्यंत उत्साह, उल्लास और खेल भावना के साथ भव्य रूप में संपन्न हुआ। खेलों के प्रति विद्यार्थियों की अभिरुचि, उनकी प्रतिभा, अनुशासन, आत्मविश्वास और सामूहिक सहभागिता ने इस आयोजन को यादगार बना दिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री पी. एल. शाह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रत्येक विद्यार्थी को अपने लक्ष्य के प्रति सदैव समर्पित रहना चाहिए तथा उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ते रहना चाहिए।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कोटद्वार नगर आयुक्त पी. एल. शाह, विशिष्ट अतिथि विद्यालय की निर्देशिका उषा सिंह, विशेष अतिथि विभा धूलिया द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात रंग-बिरंगे गुब्बारों को आकाश में मुक्त कर शांति, उमंग, नई ऊर्जा और उज्ज्वल भविष्य का संदेश दिया गया। वहीं विद्यालय की प्रधानाचार्या शालिनी सिंह ने विद्यार्थियों को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से सदैव दूर रहने तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। समारोह का एक प्रमुख आकर्षण चारों सदनों वेलर, हार्मनी, विक्ट्री और होप हाउस का भव्य मार्च पास्ट रहा। चारों हाउस के विद्यार्थियों ने अनुशासन, एकजुटता, आत्मविश्वास और समर्पण का उत्कृष्ट परिचय देते हुए आकर्षक कदमताल के साथ मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की सटीक कदमताल और जोशीले उद्घोष ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके उपरांत विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक समूह गान एवं आकर्षक समूह नृत्य ने समारोह में सांस्कृतिक रंग भर दिए। समारोह के समापन अवसर पर विद्यालय की निर्देशिका श्रीमती उषा सिंह ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों को केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ एवं सशक्त ही नहीं बनाते, बल्कि उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, एकाग्रता, आत्मविश्वास, धैर्य, नेतृत्व क्षमता जैसे महत्वपूर्ण जीवन-मूल्यों का विकास होता है। उन्होंने इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं समस्त विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।

विद्यार्थियों ने खेल प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा
वार्षिक एथलेटिक मीट के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें दौड़ प्रतियोगिताएं, ऊंची कूद, लंबी कूद, भाला फेंक, गोला फेंक तथा रिले रेस प्रमुख रहीं। प्रत्येक प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, आत्मविश्वास और खेल कौशल के साथ सहभागिता की। हार-जीत से परे विद्यार्थियों ने खेल भावना, परिश्रम और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया। इस आयोजन को और भी विशेष एवं यादगार बनाने के लिए अभिभावकों के लिए भी विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। माताओं की 50 मीटर दौड़ तथा पिताओं की गोला फेंक प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इन प्रतियोगिताओं में अभिभावकों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं प्रतिभागियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

होप हाउस ने अपने नाम की मेमोरियल शील्ड
कड़े संघर्ष और रोमांचक प्रतिस्पर्धा के पश्चात हाउस चैंपियनशिप में होप हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते ग्लैडविन मेमोरियल शील्ड को अपने नाम किया। हार्मनी हाउस द्वितीय, वेलर हाउस तृतीय तथा विक्ट्री हाउस चतुर्थ स्थान पर रहा। सभी हाउस के विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा और टीम भावना से प्रतियोगिता को रोचक एवं प्रतिस्पर्धात्मक बनाए रखा।

मोहित, प्रिंस रावत और अंबिका ने जीता बेस्ट एथलीट का खिताब
व्यक्तिगत उपलब्धियों की श्रेणी में सीनियर बालक वर्ग में मोहित और जूनियर वर्ग में प्रिंस रावत ने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करते हुए ‘बेस्ट एथलीट’ का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया। उन्हें लेट कुंवर राज सिंह मेमोरियल ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। वहीं बालिका वर्ग में अंबिका बिष्ट ने ‘बेस्ट एथलीट’ का खिताब हासिल किया। ईशा ध्यानी और अदिति को बालिका वर्ग में उत्कृष्ट खिलाड़ी के रूप में सम्मानित किया गया। प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की उपलब्धियों ने विद्यालय का गौरव बढ़ाया और अन्य छात्रों को प्रेरित करने का कार्य किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *