राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों के पीछे दौड़ा हाथी, हादसा टला

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : यदि आप शाम के समय कोटद्वार-दुगड्डा के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग से सफर करने की सोच रहे हैं तो जरा सावधान हो जाएं। दरअसल, इन दिनों हाईवे पर एक हाथी की धमक बनी हुई है। शाम ढलते ही यह हाथी हाईवे पर टहलने पहुंच जाता है। हल्का हार्न सुनते ही हाथी का पारा चढ़ जाता है और वह वाहनों के पीछे दौड़ने लगता है। शुक्रवार रात भी हाथी वाहनों के पीछे दौड़ पड़ा। वाहन चालकों ने जल संस्थान फिल्टर परिसर के भीतर वाहन खड़ा कर अपनी जान बचाई।


कोटद्वार-दुगड्डा के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग का अधिकांश भाग लैंसडौन वन प्रभाग से सटा हुआ है। यही कारण है कि हाईवे पर लगातार हाथियों की धमक बनी रहती है। लेकिन, इन दिनों लालपुर से पांचवे मील के मध्य एक हाथी की चहलकदमी बढ़ गई है। पिछले एक सप्ताह से यह हाथी शाम ढहते ही हाईवे पर पहुंच जाता है। कुछ देर घूमने के बाद वह वापस जंगल की ओर चला जाता है। लेकिन, कई बार वाहन चालक हार्न बजाकर हाथी को चिढ़ा दते हैं, जिससे आक्रोशित होकर हाथी हाईवे के दोनों ओर खड़े वाहनों के पीछे दौड़ने लगता है। दो दिन पूर्व रात के समय हाथी वाहनों के पीछे दौड़ा था। हालांकि, कुछ देर दौड़ने के बाद वह वापस जंगल चला गया था। शुक्रवार रात हाथी काफी दूर तक वाहनों के पीछे दौड़ा। कई वाहन चालक तो अपने वाहनों को मौके पर ही खड़ा कर भाग गए। जबकि, कुछ ने अपने वाहनों को जल संस्थान के फिल्टर हाउस परिसर में डाल जान बचाई। करीब एक घंटे घूमने के बाद हाथी वापस जंगल की ओर गया।

यह बरते सावधानी
रात के अंधेरे में हाथी दिखाई नहीं देता। ऐसे में जरूरी है कि अपने वाहनों की गति को नियंत्रण में रखें। यदि मार्ग पर हाथी दिखता है तो हार्न बजा कर या पत्थर फेंककर उसे परेशान न करें। ऐसे में हाथी चिढ़ जाता है और वह हमला भी कर सकता है। हाथी के मार्ग पर आने की सूचना वन विभाग को दें। सेल्फी के चक्कर में हाथी के नजदीक जाने का प्रयास न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *