बलोड़ी में पांच दिवसीय मेले का आगाज, शिवध्वजा और पारंपरिक कलशयात्रा के साथ शुरू हुए धार्मिक आयोजन
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : गगवाड़स्यूं घाटी के सिद्धपीठ श्रीदेवलेश्वर महादेव मंदिर बलोड़ी में आयोजित 11वें बैकुंठ चतुर्दशी मेले का शुभारंभ धार्मिक आस्था और लोक संस्कृति के संगम के साथ हुआ। पांच दिवसीय मेले के पहले दिन लोकगायिका मीना राणा की प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहीं। उनके लोकप्रिय गीतों पर दर्शक देर तक झूमते नजर आए।

लोकगायिका मीना राणा ने ‘ओ साहिबा’ सहित एक के बाद एक लोकगीतों की प्रस्तुति देकर सांस्कृतिक संध्या में समां बांध दिया। उनकी प्रस्तुतियों पर पंडाल तालियों से गूंज उठा और दर्शकों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया। इससे पूर्व ग्राम सभा क्वाली से शिवध्वजा की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद मंदिर के लिए पारंपरिक यात्रा निकाली गई। डडुवादेवी ब्रह्मकुंड में शिवध्वजा को स्नान कराने के बाद कलशयात्रा आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने भाग लिया। मेले का उद्घाटन मंदिर समिति के संरक्षक उत्तम सिंह, विशिष्ट अतिथि जसवंत थपलियाल और बलवंत पटवाल ने किया। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा, केशर सिंह कठैत, जगतकिशोर बड़थ्वाल, नागेंद्र जुगराण और सुधीर बड़थ्वाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन उमाचरण बड़थ्वाल और नागेंद्र जुगराण ने किया।