आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में 140 रुपये बढ़ोत्तरी की मांग

सहायिकाओं का मानदेय भी 40 रुपये प्रतिदिन बढ़ाने की मांग, तहसील परिसर में दिया धरना
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : महंगाई के दौर में सीमित मानदेय पर काम कर रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अब अपनी मांगों को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि विभागीय जिम्मेदारियों का लगातार बोझ बढ़ रहा है, लेकिन इसके अनुरूप उन्हें मानदेय नहीं मिल रहा है। ऐसे में परिवार का भरण-पोषण करने से लेकर बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाना भी मुश्किल हो रहा है। इसी समस्या को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगठन से जुड़ी कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को तहसील परिसर में धरना दिया और प्रदेश सरकार से मानदेय बढ़ाने की मांग की।


तहसील परिसर स्थित धरना स्थल पर आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रही हैं, लेकिन शासन-प्रशासन उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से कई तरह के कार्य लिए जाते हैं, लेकिन इसके एवज में मिलने वाला मानदेय उनकी जरूरतों के अनुरूप नहीं है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि कम मानदेय के कारण उन्हें परिवार का भरण-पोषण करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाना भी चुनौती बन गया है। उन्होंने सरकार से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में प्रतिदिन 140 रुपये और सहायिकाओं के मानदेय में प्रतिदिन 40 रुपये की अतिरिक्त बढ़ोत्तरी करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर रेखा असवाल, रिंकी देवी, सीमा देवी, हेमलता देवी, रोशनी ध्यानी, रेखा नेगी, सरिता देवी, विजय लक्ष्मी और विनीता देवी मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *