होमगार्ड की तर्ज पर मूल वेतन पर महंगाई भत्ता देने की मांग, शासन-प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : प्रदेश के विभिन्न विभागों में सेवाएं दे रहे पीआरडी जवानों ने नियमित रोजगार और वेतन संबंधी सुविधाओं की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है। जवानों का कहना है कि उनसे पुलिस कर्मियों की तरह जोखिम भरे और महत्वपूर्ण कार्य करवाए जा रहे हैं, लेकिन सुविधाओं के नाम पर उन्हें न्यूनतम मानदेय तक सीमित रखा गया है। रोजगार की अनिश्चितता और आर्थिक असमानता से नाराज पीआरडी जवानों ने तहसील परिसर में धरना देकर शासन-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।

प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन के ब्लाक अध्यक्ष दिनेश कुमार और सलाहकार दर्शन सिंह के नेतृत्व में विभिन्न विभागों में कार्यरत पीआरडी जवान तहसील परिसर में एकत्र हुए। इस दौरान उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पीआरडी जवानों से पुलिस की भांति जोखिम भरे कार्य करवाए जाते हैं। इसके अलावा विभिन्न सरकारी विभागों में भी उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसके बावजूद मानदेय और अन्य सुविधाओं के मामले में उनके साथ भेदभाव किया जा रहा है। जवानों का कहना था कि सीमित दिनों का रोजगार मिलने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट बना रहता है। उन्होंने प्रदेश सरकार से सभी पीआरडी जवानों को वर्षभर यानी 365 दिन रोजगार उपलब्ध कराने और होमगार्ड की तर्ज पर मूल वेतन पर महंगाई भत्ता (डीए) देने की मांग की। साथ ही कहा कि लंबे समय से सेवाएं दे रहे जवानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना चाहिए। धरना देने वालों में हरीश चंद्र, सुनील कुमार, पपेंद्र कुमार, कुलदीप कुमार, विजय पंत, विरेंद्र प्रसाद, मनोज भट्ट, राकेश सिंह, रवि कुमार, जितेंद्र गुप्ता, राकेश जुयाल, पंकज कुमार और राजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में पीआरडी जवान मौजूद रहे।