जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार क्षेत्र में लगातार बढ़ती मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं और वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर सेवानिवृत्त वन अधिकारियों एवं कर्मचारी कल्याण समिति ने पूर्व की भांति वन्यजीव प्रतिपालक की तैनाती की मांग उठाई है। इस संबंध में समिति ने वन विभाग को पत्र भेजकर पुरानी व्यवस्था बहाल करने का अनुरोध किया है।

समिति की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि वर्ष 2011-12 के बाद कोटद्वार में वन्यजीव प्रतिपालक की व्यवस्था में बदलाव किया गया। इससे पहले कोटद्वार में वन्यजीव प्रतिपालक की तैनाती रहती थी, जिनके अधीन वन्यजीव रक्षकों की टीम कार्य करती थी। यह टीम वन्यजीवों की सुरक्षा, निगरानी और संरक्षण से जुड़े कार्यों को देखती थी। पत्र में कहा गया है कि पुरानी व्यवस्था समाप्त होने के बाद वन्यजीवों की सुरक्षा और संरक्षण से जुड़े कार्य प्रभावित हो रहे हैं। साथ ही विभागीय स्तर पर जिम्मेदारियों का उचित निर्वहन करने में भी कठिनाइयां सामने आ रही हैं। समिति ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में कोटद्वार क्षेत्र में मानव और वन्यजीवों के बीच बढ़ते संघर्ष को देखते हुए प्रभावी निगरानी व्यवस्था बेहद जरूरी है। वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की जान-माल की सुरक्षा भी महत्वपूर्ण है। समिति ने वन विभाग से मांग की है कि कोटद्वार में पूर्व की भांति वन्यजीव प्रतिपालक की तैनाती की जाए, ताकि वन्यजीव संरक्षण और मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं पर प्रभावी ढंग से नियंत्रण किया जा सके। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद पंत, हरीश चंद्र भट्ट, केशीराम निराला आदि मौजूद रहे।