किसानों के हित में योजना बना रही सरकार: ऋतु खंडूड़ी

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और उन्हें खेती के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सरकार विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। काश्तकारों को खेती के लिए सरलता से ऋण उपलब्ध कराने के साथ ही कृषि और स्वरोजगार के नए अवसर मुहैया कराने पर भी जोर दिया जा रहा है। इससे किसान अपनी आर्थिकी को बेहतर बना सकेंगे। यह बात विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कही।


गुरुवार को देवी रोड स्थित एक बारातघर में सुखरो देवी मंदिर बहुउद्देशीय किसान सेवा सहकारी समिति की वार्षिक सामान्य निकाय बैठक आयोजित की गई। इस दौरान आयोजित शिविर में किसानों को सहकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं और ऋण सुविधाओं की जानकारी दी गई। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि किसान हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी तो ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी सशक्त बनेगी। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियां किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। सरकार का प्रयास है कि किसानों को समय पर और सरल प्रक्रिया के माध्यम से ऋण उपलब्ध हो, जिससे वे बेहतर तरीके से खेती कर अपनी आय बढ़ा सकें। उन्होंने किसानों से सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने शिविर में लगाए गए विभिन्न स्टालों का निरीक्षण कर उत्पादों की जानकारी भी ली। कार्यक्रम में समिति के चेयरमैन पंकज रावत, जीएम संजय रावत, डीसीडीएफ रवींद्र नेगी, मंडल अध्यक्ष प्रेमा खंतवाल, अतिया त्रिपाठी, जितेंद्र नेगी, रजत भट्ट, सहकारी समिति की अध्यक्ष अमिता बिष्ट, उमेश त्रिपाठी, वरिष्ठ नागरिक पातीराम ध्यानी, विजय लखेड़ा, जीवन कोठारी और समिति की सचिव पुष्पा देवी सहित सहकारिता विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *