जनपद की कानून व्यवस्था एवं पुलिसिंग की प्राथमिकताओं पर की चर्चा
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : शुक्रवार को नव नियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा ने एसएसपी पौड़ी गढ़वाल के पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व गार्द ने उन्हें सलामी दी।

कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर विभिन्न शाखाओं एवं इकाइयों की कार्यप्रणाली, जनपद की वर्तमान कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं पुलिसिंग से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने बेहतर समन्वय, अनुशासन, जवाबदेही एवं जनहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए कर्तव्यों का निर्वहन करने पर बल दिया। इस दौरान एसएसपी ने पुलिस कार्यालय की समस्त शाखाओं का भ्रमण कर प्रत्येक शाखा में संचालित कार्यों एवं कार्यालयी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। देवेन्द्र पींचा वर्ष 2016 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी हैं। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए पुलिस प्रशासन, कानून-व्यवस्था एवं जनसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण अनुभव अर्जित किया है। इससे पूर्व वह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा, सेनानायक 31वीं वाहिनी पीएसी, पुलिस अधीक्षक चंपावत, एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक नैनीताल, अपर पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। जनपद पुलिस कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हेतु पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं टीम भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।