सतपुली महाविद्यालय में स्व-गणना का दिया प्रशिक्षण

जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली : राजकीय महाविद्यालय सतपुली खैरासैण में स्व-गणना के संबंध में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षक द्वारा ऑनलाइन स्वगणना की प्रक्रिया का चरणबद्ध तरीके से प्रदर्शन किया गया। प्रतिभागियों को ऑनलाइन पोर्टल पर प्रवेश करने, आवश्यक जानकारियां भरने, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने, स्व-गणना की प्रक्रिया को सफलता पूर्वक पूर्ण करने के संबंध में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।


कार्यशाला में प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित अनिल कुमार बिष्ट व दीपक काला ने स्व-गणना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्व-गणना की अवधारणा, उद्देश्य, उपयोगिता एवं इसकी संपूर्ण प्रक्रिया को सरल एवं व्यावहारिक ढंग से समझाया। उन्होंने बताया कि स्व-गणना के माध्यम से व्यक्ति स्वयं ऑनलाइन पोर्टल पर निर्धारित विवरण दर्ज कर सकता है। इससे गणना प्रक्रिया को अधिक सरल, सुगम एवं व्यवस्थित बनाने में सहायता मिलती है। साथ ही, स्व-गणना करते समय बरती जाने वाली सावधानियों एवं सही जानकारी दर्ज करने के बारे में बताया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों एवं महाविद्यालय के समस्त कर्मचारियों को स्व-गणना की प्रक्रिया, उसके महत्व, ऑनलाइन माध्यम से स्वगणना करने की विधि से अवगत कराना था। कार्यशाला में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. संजय कुमार, नोडल डॉ. संजीव कुमार आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *