बेटी की जिद और जनसहयोग ने लिखी घर वापसी की कहानी

2.51 करोड़ जुटाकर पिता को सऊदी अरब से छुड़ाया
जगमोहन डांगी।
पौड़ी : कहते हैं कि जब किसी बेटी का संकल्प मजबूत हो तो मुश्किल से मुश्किल रास्ते भी आसान हो जाते हैं। कुछ ऐसी ही मिसाल उत्तरकाशी के गाजणा क्षेत्र के गोरसाड़ा गांव की बेटी दीपिका नौटियाल ने पेश की है। पिता को सऊदी अरब से सकुशल भारत वापस लाने के लिए दीपिका ने जो संघर्ष शुरू किया था, आखिरकार शुक्रवार को वह मुकाम तक पहुंच गया। लंबे समय से सऊदी अरब में कानूनी प्रक्रिया में उलझे इंद्रमणि नौटियाल शुक्रवार सुबह दिल्ली पहुंच गए। उनके भारत लौटते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई और अपनों से मिलने का वर्षों पुराना इंतजार खत्म हो गया।


इंद्रमणि नौटियाल वर्ष 2018 में परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने और रोजगार की तलाश में सऊदी अरब गए थे। वहां रियाद की एक निजी कंपनी में वह ट्रक चालक के रूप में काम कर रहे थे। लेकिन वर्ष 2019 में एक सड़क दुर्घटना ने उनकी जिंदगी की दिशा ही बदल दी। उनके ट्रक की एक कार से टक्कर हो गई थी। इस हादसे में कार सवार पांच सऊदी नागरिकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया था। दुर्घटना के बाद इंद्रमणि को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ा। सऊदी अरब की अदालत ने उन्हें करीब एक वर्ष की कैद की सजा सुनाई। उन्होंने जेल की सजा पूरी कर ली, लेकिन मामला यहीं समाप्त नहीं हुआ। दुर्घटना के समय ट्रक का बीमा नहीं होने के कारण अदालत ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने के लिए 9 लाख 84 हजार सऊदी रियाल जमा कराने का आदेश दिया। भारतीय मुद्रा में यह राशि करीब 2.51 करोड़ रुपये थी। इतनी बड़ी रकम जुटाना इंद्रमणि के परिवार के लिए लगभग असंभव था। नतीजतन, सजा पूरी होने के बावजूद उनकी रिहाई और स्वदेश वापसी की राह अटकी रही।

पिता की घर वापसी के लिए बेटी ने छेड़ी मुहिम
पिता को वापस लाने की उम्मीद में बेटी दीपिका नौटियाल ने हार नहीं मानी। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के दरवाजे खटखटाए। इसके साथ ही सोशल मीडिया को अपनी आवाज का माध्यम बनाया और देशभर के लोगों से आर्थिक सहयोग की अपील की। एक बेटी की इस भावुक अपील ने लोगों के दिलों को छू लिया। उत्तरकाशी के एक छोटे से गांव से शुरू हुई मदद की यह मुहिम धीरे-धीरे देश के अलग-अलग राज्यों और विदेशों तक पहुंच गई।

छोटे-छोटे सहयोग से जुटे 2.51 करोड़ रुपये
दीपिका की अपील पर ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों, प्रवासी भारतीयों और देश-विदेश में रहने वाले हजारों लोगों ने आर्थिक सहयोग दिया। किसी ने अपनी सामथ्र्य के अनुसार छोटी राशि दी तो किसी ने बड़ी मदद कर इस अभियान को मजबूती दी। उत्तराखंड सरकार की ओर से भी दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। इस पूरे अभियान में टिहरी निवासी अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने धनराशि जुटाने के साथ-साथ आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराने में सहयोग किया। उनके अनुसार, दुर्घटना के समय ट्रक का बीमा नहीं था और अदालत ने 9 लाख 84 हजार सऊदी रियाल मुआवजा जमा कराने का आदेश दिया था। करीब दो महीने तक चले लगातार प्रयासों के बाद आखिरकार जरूरी धनराशि जुटा ली गई।

छ: साल की परेशानी के बाद अपनों के बीच लौटे इंद्रमणि
आवश्यक मुआवजे की रकम जमा होने के बाद सऊदी अरब में रिहाई से संबंधित कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद इंद्रमणि की भारत वापसी का रास्ता साफ हुआ। शुक्रवार सुबह उनके दिल्ली पहुंचने की खबर मिलते ही परिजनों और गांव में खुशी का माहौल बन गया। इंद्रमणि की यह घर वापसी केवल एक परिवार की खुशी नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना, जनसहयोग और एक बेटी के अटूट संकल्प की मिसाल बन गई है। दीपिका ने साबित कर दिया कि मुश्किल परिस्थितियों में हिम्मत और विश्वास के साथ उठाई गई आवाज बेअसर नहीं जाती। हजारों लोगों के छोटे-बड़े सहयोग ने एक परिवार को फिर से मिलाने में अहम भूमिका निभाई और गोरसाड़ा गांव की इस बेटी का संघर्ष अब दूसरों के लिए भी प्रेरणा बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *