सरकार को सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। नैनीडांडा ब्लॉक में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में आगामी 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्येक बूथ 20 यूथ की नीति के तहत रणनीति बनायी गई। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर आगामी विधानसभा चुनाव में जुटने की अपील की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बदौलत एक बार फिर से कांग्रेस सरकार सत्ता में वापस आयेगी।
कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व काबीना मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने प्रदेश की भाजपा सरकार के चार साल के कार्यकाल को घोर निराशाजक बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने किसी भी विधानसभा में विकास का एक भी कार्य नहीं किया है, ग्रामीण क्षेत्रों में लोग अभी भी स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं के अभाव में दर-दर भटकने के लिए मजबूर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। पूर्व दर्जाधारी राज्य मंत्री एवं प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने कहा है कि कांग्रेस उत्तराखंड के विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्येक बूथ पर 20 यूथ की नीति पर काम करेगी। इस मौके पर विधानसभा प्रभारी कविन्द्र इष्टवाल, पूर्व राज्य मंत्री राजेन्द्र भंडारी, जगमोहन सिंह नेगी, रिखणीखाल ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष प्रमोद रावत, नैनीडांडा की पूर्व ब्लॉक प्रमुख रश्मि पटवाल, मधु बिष्ट, महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव रंजना रावत, जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष धीरेन्द्र बिष्ट, हिल डेवलपमेंट फोरम के अध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट, जिला प्रवक्ता बलवीर सिंह रावत, जंग बहादुर नेगी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सम्मेलन की अध्यक्षता जंग बहादुर सिंह नेगी नेगी ने की। इस मौके पर ब्लॉक सभागार से नैनीडांडा बाजार तक कांग्रेस कार्यकर्ता ने रैली भी निकाली।