उपनल कर्मचारी 22 से दो दिवसीय कार्यबहिष्कार पर

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। उपनल कर्मचारी महासंघ ने समान कार्य के लिए समान वेतन नहीं दिए जाने और नियमितीकरण को लेकर कोई कार्यवाही न किए जाने पर कड़ा आक्रोश जताया है। संघ ने प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर 22 व 23 फरवरी को कार्य बहिष्कार करने का निर्णय लिया है।
बुधवार को उपनल कर्मचारी महासंघ की पौड़ी इकाई की आयोजित बैठक में संघ के जिलाध्यक्ष भारतेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में करीब 22 हजार कर्मचारी उपनल के माध्यम से कार्यरत हैं। इन कर्मचारियों को बहुत ही कम मानदेय मिलता है। जिससे कर्मचारियों को आर्थिक संकट झेलना पड़ रहा है। नेगी ने कहा कि लंबे समय से उपनल महासंघ समान कार्य के लिए समान वेतन देने व नियमितीकरण की मांग कर रहा है, लेकिन सरकार सिर्फ आश्वासन ही दे रही है। जिससे कर्मचारियों को अपने भविष्य की चिंता सता रही है। उपनल से माध्यम से तैनात कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि समस्याएं हल नहीं होने पर 22 व 23 फरवरी को कार्य बहिष्कार किया जाएगा। उपनल संघ ने सभी पदाधिकारियों व कर्मचारियों से कार्यबहिष्कार को सफल बनाने का आह्वान भी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *