मुख्यमंत्री बदलने के विरोध में एनएसयूआई ने फूंका भाजपा का पुतला
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री बदले जाने पर एनएसयूआई ने भाजपा का पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं का कहना था कि भाजपा राज्य में पूर्व मुख्यमंत्रियों की फौज तैयार कर रही है। जिससे राज्य को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं यूकेडी ने भी कड़ा आक्रोश जताया है।
बुधवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय परिसर के बाहर भाजपा के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी भी की। एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष गौरव सागर ने कहा कि भाजपा उत्तराखंड की जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रही है। जनता बेरोजगारी, मंहगाई व भ्रष्टाचार से त्रस्त हैं। लेकिन भाजपा मुख्यमंत्री-मुख्यमंत्री खेल रही है। भाजपा जनता के हितों के बजाय सिर्फ अपना चुनावी हित देख रही है। वहीं यूकेडी के सुरेश चंद्र जुयाल ने कहा कि भाजपा ने उत्तराखंड को सिर्फ पूर्व मुख्यमंत्री दिए हैं, जो राज्य के लिए आर्थिक संकट पैदा कर रहे हैं। विरोध प्रदर्शन करने वालों में युवा कांग्रेस प्रदेश संयोजक नितिन बिष्ट, छात्र संघ अध्यक्ष आस्कर रावत, रोहित गुसाईं, प्रतीक बिष्ट, ऋषभ पंवार, शुभम रावत, नवीन नेगी, सचिन रावत, साहिब खान आदि शामिल थे।