युवाओं से संगठन को मिलेगी मजबूती: आरपी सिंह
भाजपा युवा मोर्चा की ओर से आयोजित किया गया कार्यक्रम
कार्यक्रम में सौ से अधिक युवाओं ने ली संगठन की सदस्यता
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: उत्तराखंड के चुनाव सहप्रभारी आरपी सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में दोबारा भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनें इसके लिए युवाओं को आगे बढ़कर कार्य करना होगा। कहा कि कार्यकर्ताओं को केंद्र व प्रदेश सरकार की योजाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करना चाहिए। इस दौरान कार्यक्रम में सौ से अधिक युवाओं ने भाजयुमो की सदस्यता ग्रहण की।
रविवार को मालवीय उद्यान में आयोजित कार्यक्रम का मुख्य अतिथि आरपी सिंह ने दीप जलाकर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सरकार समाज में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति के हित को देखते हुए योजनाएं बना रही है। भाजपा का मुख्य उद्देश्य विकास के साथ राष्ट्रीय हित में कार्य करना है। कहा कि युवाओं को राष्ट्रीय हित के बारे में सोचने वाली पार्टी से जुड़ना चाहिए। भारतीय जनता पार्टी युवाओं के हितों को लेकर कार्य कर रही है। संगठन महामंत्री अजय कुमार ने कहा कि आगमी विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करना होगा। कार्यकताओं की मेहनत से ही भाजपा दोबारा सत्ता तक पहुंचेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर से सदस्यता अभियान चलाने की भी अपील की। इस मौके पर भाजपा महिला मोर्चा राष्ट्रीय महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार महिलाओं के हितों को लेकर कार्य कर रही है। महिलाओं को जागरूक होकर सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाना चहिए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष संपत्त रावत, प्रदेश कार्यकारणी सदस्य शैलेंद्र सिंह बिष्ट, भाजयुमो जिलाध्यक्ष सौरभ नौडियाल, भाबर मंडल अध्यक्ष चंद्रमोहन जसोला, महामंत्री गौरव जोशी आदि मौजूद रहे।